गुरुग्राम के धनकोट में हरियाणा सरकार द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की है। वहीं, हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय मंत्री धनकोट स्थित हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) की साइट पर बायोरिमेडिएशन पायलट परियोजना का उद्घाटन कर रहे हैं। मुख्य अतिथि मनोहर लाल ने रिबन काटकर इस अत्याधुनिक पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस तकनीक के माध्यम से जैविक घटकों का उपयोग करके प्रदूषित पानी और कचरे का प्राकृतिक रूप से उपचार किया जाएगा। यह परियोजना गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक गेम-चेंजर साबित होगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बढ़ती आबादी और शहरीकरण के बीच ऐसी आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों का इस्तेमाल बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने हरियाणा सरकार के इस प्रयास की सराहना की। विशेष अतिथि राव नरबीर सिंह ने राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू की गई नई पहलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार पूरे प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने और जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर एक विशाल पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। दोनों मंत्रियों सहित उपस्थित अन्य नागरिकों और अधिकारियों ने परिसर में पौधे लगाए।


