वाराणसी नगर निगम मानसून के पहले शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई का काम करवा रहा है। इन नालों की सफाई का काम अध्या ट्रेडर्स के पास है। लगातार स्थानीय लोग नालों की सफाई के न होने की बात कह रहे हैं। ऐसे में नालों की सफाई की जमीनी हकीकत देखने निकले नगर आयुक्त ने सख्ती बरती है। नगर आयुक्त ने नाला सफाई का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर उन्होंने अध्या ट्रेडर्स पर 50 हजार का जुर्माना लगाया है। वहीं लापरवाही बरतने पर अवर अभियंता को प्रतीकूल प्रविष्टि दी है। सफाई के नाम पर हो रही थी खानापूर्ति नगर आयुक्त ने बताया – नगर निगम शहर में जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत है । इस क्रम में मानसून से पूर्व नाला सफाई के दावों की जमीनी हकीकत परखने के लिए औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुंदरपुर, साकेत नगर और संकट मोचन सहित कई इलाकों में मानक के अनुरूप काम न होने और लापरवाही सामने आयी। सुंदरपुर सब्जी मंडी स्थित पुलिया से हुई।जहां मशीनों के माध्यम से नाला सफाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि काम केवल खानापूर्ति है। सुंदरपुर मछली मंडी के पीछे का नाला पूरी तरह से सिल्ट से भरा हुआ था और उसमें झाड़-झंखाड़ तथा पेड़-पौधे उगे हुए थे। नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, लगाया जुर्माना नगर आयुक्त ने बताया – पूर्व में कई बार स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि नालों की तली-झाड़ सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद गुणवत्ता से लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। इस क्रम में उन्होंने साकेत नगर पुलिया, संकट मोचन पुलिया और गांधीनगर कॉलोनी स्थित नरिया नाले का भी निरीक्षण किया। हर जगह लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही संबंधित फर्म अध्या ट्रेडर्स पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले अवर अभियंता पंकज पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश दिया। 15 जून तक नाला सफाई का है लक्ष्य नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया – नगर निगम का लक्ष्य है कि निगम क्षेत्र में गली-पिट और सीवर की सफाई के साथ ही साथ सभी नालों की तली-झाड़ सफाई करा ली जाए। इसे लेकर युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। जिसके लिए पूर्व में भी निर्देशित किया गया है कि कार्य गुणवत्ता के साथ किया जाए। गुणवत्ता न होने पर कार्रवाई होगी। निरीक्षण कर कार्य को देखा जाएगा और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


