मऊगंज में हाथियों का जोड़ा फिर पहुंचा:छपरा डीहार में दहशत, किसानों की झोपड़ियां और बाड़ियां तोड़ीं

मऊगंज में हाथियों का जोड़ा फिर पहुंचा:छपरा डीहार में दहशत, किसानों की झोपड़ियां और बाड़ियां तोड़ीं

मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा डीहार गांव में गुरुवार रात हाथियों के एक जोड़े ने फिर दस्तक दी। बीते दो दिनों से क्षेत्र में घूम रहे इन हाथियों ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना दिया है। रात के समय हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण पूरी रात जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि हाथियों का यह जोड़ा लगातार गांव के आसपास विचरण कर रहा है। इस दौरान हाथियों ने किसानों की झोपड़ियों, पेड़ों और खेतों की बाड़ियों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। वन अमला लगातार हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहा है, लेकिन हाथियों की गतिविधियों के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ पा रही है। वन विभाग की टीम गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दे रही है। बांधवगढ़ से निकलकर आए हैं हाथी यह वही हाथियों का जोड़ा है जो पिछले करीब दो महीनों से बांधवगढ़ क्षेत्र से भटककर अलग-अलग जिलों में घूम रहा है। पहले इन्हें सीधी और रीवा जिले में देखा गया था, जिसके बाद अब मऊगंज जिले के कई इलाकों में इनकी मौजूदगी सामने आ रही है। स्थिति पर नजर रख रही टीम मऊगंज की रेंजर वर्षा सिंह ने बताया कि हाथियों का मूवमेंट मऊगंज जिले में हुआ है, लेकिन वे पुनः जिले से बाहर जा रहे हैं। वन अमला पूरी तरह से निगरानी में है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *