लुधियाना सेंट्रल जेल में विवाद:4 डॉक्टरों ने सुपरिटेंडेंट पर लगाए बदसलूकी-मानसिक उत्पीड़न के आरोप,जेल ड्यूटी का बहिष्कार करने की दी चेतावनी

लुधियाना सेंट्रल जेल में विवाद:4 डॉक्टरों ने सुपरिटेंडेंट पर लगाए बदसलूकी-मानसिक उत्पीड़न के आरोप,जेल ड्यूटी का बहिष्कार करने की दी चेतावनी

लुधियाना सेंट्रल जेल में तैनात चार डॉक्टरों ने जेल सुपरिटेंडेंट पर अभद्र व्यवहार, अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और कार्यस्थल का माहौल खराब करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले ने अब नया विवाद खड़ा कर दिया है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे जेल ड्यूटी का बहिष्कार करने पर मजबूर हो सकते हैं। PCMSA के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को भेजी डॉक्टरों ने शिकायत जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने पंजाब सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (PCMSA)के माध्यम से अपनी शिकायत स्वास्थ्य विभाग को भेजी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले कई महीनों से जेल प्रशासन की ओर से उनके साथ लगातार अपमानजनक और गैर-पेशेवर व्यवहार किया जा रहा है, जिससे उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है और उनके कामकाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। PCMSA के अध्यक्ष डॉ. अखिल सरीन ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकारी डॉक्टरों के साथ धमकाने और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना पूरी चिकित्सा बिरादरी की गरिमा पर हमला है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के क्लास-1 अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। डॉ. सरीन ने सिविल सर्जन डॉ. रमनप्रीत कौर को भेजे पत्र में चेतावनी दी है कि यदि मामले का समाधान नहीं किया गया तो संगठन को आंदोलन शुरू करना पड़ सकता है। साथ ही आने वाले समय में डॉक्टर जेल ड्यूटी का बहिष्कार भी कर सकते हैं। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. रमनप्रीत कौर ने मीडिया समक्ष पुष्टि की कि इससे पहले भी सेंट्रल जेल में तैनात एक मनोचिकित्सक द्वारा जेल अधिकारियों के खिलाफ इसी तरह की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों द्वारा उठाए गए मुद्दे गंभीर हैं और इन्हें डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज, डिप्टी कमिश्नर लुधियाना तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश के संज्ञान में लाया जाएगा। उधर, लुधियाना सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट कुलवंत सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *