आजमगढ़ के महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का वार्षिक दीक्षांत समारोह 11 अगस्त को होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने परिसर स्थित शैक्षिक भवन-1 के सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न समितियों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए वरिष्ठ प्राध्यापकों एवं अधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे। बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यदि किसी स्तर पर कोई समस्या उत्पन्न होती है तो सीधे कुलपति कार्यालय से संपर्क करें। पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताएं, काव्य लेखन, भाषण प्रतियोगिताएं, स्थानीय लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन करने वाले प्राध्यापकों को इस वर्ष विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत संबद्ध महाविद्यालयों से तीन तथा विश्वविद्यालय परिसर से एक शिक्षक का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी प्रो. जय सिंह को सौंपी गई है। शुरू हुई तैयारी
कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों की शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रगति का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर कुलाधिपति महोदया के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का निर्देश भी दिया। देशभक्ति गीत, स्थानीय लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी तथा चयन का दायित्व प्रो. जगदंबा दुबे को सौंपा गया है। उनके निर्देशन में अधिकतम 15 छात्र-छात्राओं का दल के समक्ष प्रस्तुति देगा। इस वर्ष राजभवन के निर्देश पर मेरी मां विषयक भाषण, निबंध एवं काव्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी प्रो. सुचिता श्रीवास्तव एवं उनकी टीम को दी गई है। प्रदेश के बाहर आयोजित होने वाले शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का दायित्व पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रो. अजित राय को सौंपा गया है।


