FIFA World Cup 2026: स्टेडियम में पानी की बोतल समेत इन चीजों को ले जाने पर लगा बैन, FIFA के अचानक लिए फैसले से फैंस में मचा हाहाकार

FIFA World Cup 2026: स्टेडियम में पानी की बोतल समेत इन चीजों को ले जाने पर लगा बैन, FIFA के अचानक लिए फैसले से फैंस में मचा हाहाकार

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन इससे ठीक पहले फीफा (फेडरेशन इंटरनेशनेल डी फुटबॉल एसोसिएशन – FIFA) वर्ल्ड कप ने एक ऐसा फैसला ले लिया है जिसने दुनिया भर के फैंस को हैरान कर दिया है। फीफा ने स्टेडियम कोड ऑफ कंडक्ट में अचानक बड़ा बदलाव करते हुए दर्शकों के लिए स्टेडियम के अंदर अपनी खुद की री-यूजेबल (बार-बार इस्तेमाल होने वाली) पानी की बोतलें ले जाने पर पूरी तरह से बैन लगा दिया है। नया नियम तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और मैचों की संख्या भी 64 से बढ़कर 104 हो गई है।

पहले मिली थी छूट, अब क्यों लगा बैन?

इससे पहले फीफा ने दर्शकों को खाली और पारदर्शी प्लास्टिक की री-यूजेबल बोतलें स्टेडियम के अंदर ले जाने की इजाजत दी थी। लेकिन अब अचानक सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। फीफा का कहना है कि खिलाड़ियों, रेफरी और दर्शकों की सुरक्षा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। इन बोतलों का इस्तेमाल मैदान पर फेंकने या किसी को चोट पहुंचाने के लिए किया जा सकता है, इसलिए सुरक्षा खतरों को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया गया है।

भीषण गर्मी को लेकर फैंस की बढ़ी चिंता

फीफा के इस फैसले के बाद फैंस के बीच पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि मैच के दौरान कई शहरों में तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

हालांकि, फीफा ने फैंस को भरोसा दिलाया है कि गर्मी से निपटने के लिए स्टेडियमों के आसपास मिस्टिंग स्टेशन, बड़े पंखे, हाइड्रेशन स्टेशन और कूलिंग टेंट जैसी व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी। साथ ही यह भी साफ किया गया है कि स्टेडियम के अंदर मिलने वाले पानी की कीमतें आम दिनों की तरह ही रहेंगी, वर्ल्ड कप के नाम पर दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *