गुरुवार शाम लालगंज थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी बदल के रूप में हुई है। उनके साथ उनका पुत्र दिनेश भी दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार था। यह दुर्घटना चकिया गांव स्थित गांधी आश्रम के पास हुई। सीतापुर जिले के सकलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नकैला गांव निवासी अरबी और शमसुद्दीन एक अन्य मोटरसाइकिल पर बेडशीट बेचकर उरुवा बाजार से लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की सहायता से बनहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बदल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अरबी और शमसुद्दीन की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दिनेश का भी उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


