सांप के काटने से मजदूर की मौत, पत्नी गंभीर:इलाज कराने की जगह झाड़ फूंक कराने ले गए परिजन; सोते समय डसा

सांप के काटने से मजदूर की मौत, पत्नी गंभीर:इलाज कराने की जगह झाड़ फूंक कराने ले गए परिजन; सोते समय डसा

गुना में मजदूर और उसकी पत्नी को बुधवार को सांप ने डस लिया। गुरुवार को मजदूर की मौत हो गई वहीं पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है सांप के डसने के बाद परिजन दोनों को अस्पताल ले जाने की जगह झाड़ फूंक कराने बाबा के पास ले गए। अंधविश्वास और सही समय पर इलाज न मिलने के कारण परिवार तबाह हो गया। परिजन समय पर अस्पताल नहीं ले गए
जानकारी के अनुसार बमोरी क्षेत्र में मजदूरी करने आए एक खेत मजदूर दंपति को बुधवार रात सांप ने काट लिया। अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के कारण पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। मृतक अशोक सहरिया आरोन थाना अंतर्गत ग्राम बकान निवासी अपनी पत्नी दुलारी के साथ बमोरी क्षेत्र के सेनबोर्ड के पास ग्राम गुड़े में रहकर मजदूरी कर रहा था। बुधवार रात करीब 2 बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी एक जहरीले सर्प ने पति-पत्नी दोनों को डस लिया था। धार्मिक स्थल पर झाड़ फूंक कराई
सांप के काटने के बाद ग्रामीण दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक के लिए ग्राम बोरखेड़ा स्थित एक धार्मिक स्थल पर ले गए। वहां सुबह करीब 5 बजे तक झाड़-फूंक का खेल चलता रहा। जब दोनों की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और हालत नियंत्रण से बाहर हो गई, तब जाकर उन्हें गुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। झाड़-फूंक में की गई देरी दंपति पर भारी पड़ी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद पति अशोक सहरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी दुलारी बाई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *