India Next T20 Captain: मुंबई में 6 जून को होने वाली बीसीसीआई की बैठक में टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान का फैसला होगा। सूर्याकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर, ईशान किशन या तिलक वर्मा में से किसे मिलेगी कमान?
India Next T20 Captain: भारतीय टी20 क्रिकेट टीम में एक बड़े बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। खबर है कि सूर्याकुमार यादव की जगह अब टीम को नया टी20 कप्तान मिलने जा रहा है। शनिवार (6 जून) को मुंबई में बीसीसीआई (BCCI) चयनकर्ताओं की एक अहम बैठक होने वाली है, जिसमें नए कप्तान के नाम पर मुहर लग सकती है। मीडिया में संजू सैमसन के नाम को लेकर काफी चर्चा थी, लेकिन सूत्रों की मानें तो वह इस रेस में पिछड़ते दिख रहे हैं। चयनकर्ता 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक और उसके ठीक बाद होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर लंबी अवधि के कप्तान की तलाश कर रहे हैं। इस रेस में तीन बड़े नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
तिलक वर्मा और ईशान किशन
बीसीसीआई (BCCI) विष्य को देखते हुए किसी युवा खिलाड़ी को कमान सौंप सकती है। तिलक वर्मा (23) और ईशान किशन (27) दोनों ही सेलेक्टर्स की शॉर्टलिस्ट में शामिल हैं। इन दोनों का आक्रामक रवैया इन्हें कप्तानी का मजबूत दावेदार बनाता है।
अनुभवी श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर (31) भले ही दिसंबर 2023 से भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे हों, लेकिन उनकी कप्तानी के अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
साल 2025 में पंजाब किंग्स को उन्होंने अपनी कप्तानी में शानदार शुरुआत दिलाई थी। हालांकि, 2026 में पंजाब की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी, फिर भी अय्यर की लीडरशिप पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।
गौतम गंभीर की भूमिका होगी अहम
नए कप्तान के चुनाव में मुख्य कोच गौतम गंभीर का फैसला सबसे बड़ा साबित होगा। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में गंभीर और अय्यर का साथ काफी सफल रहा था। अब देखना यह होगा कि गंभीर अपने पुराने साथी श्रेयस अय्यर के अनुभव पर भरोसा जताते हैं या फिर तिलक और ईशान जैसे किसी युवा चेहरे को आगे लाते हैं।
पाटीदार और सूर्यवंशी की एंट्री तय
कप्तानी के अलावा, टीम में कुछ चौंकाने वाले बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने वाले पाटीदार को सूर्याकुमार यादव की जगह बल्लेबाज के रूप में शामिल किया जा सकता है। पाटीदार ने इस सीजन 192.69 के स्ट्राइक रेट से 501 रन कूट डाले हैं।
वहीं बात करे वैभव सूर्यवंशी की तो सिर्फ 15 साल के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप जीती। उनका स्ट्राइक रेट (237.30) लाजवाब रहा। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति इस युवा सनसनी को सीधे नेशनल कैप सौंपने की तैयारी में है।
Sports – Patrika | CMS




T20I CAPTAINCY UPDATE
