कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र के मद्दीपुरवा (उमरन) गांव से 11 वर्षीय सचिन यादव संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। सचिन सोमवार को रूरा कस्बे में स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। अजन सिंह यादव का पुत्र सचिन यादव सोमवार दोपहर करीब दो बजे रूरा कस्बे के सुखबीर सिंह के जवाहर नवोदय कोचिंग सेंटर गया था। कोचिंग के बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रूरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, लापता छात्र की लंबाई लगभग चार फीट है, रंग गोरा, चेहरा लंबा और बाल काले हैं। उसके दाहिने गाल पर एक काला तिल है। घटना के समय उसने काई रंग की टी-शर्ट पहनी थी, जिसके पीछे सफेद रंग के चील का मोनोग्राम बना हुआ था, और आसमानी रंग की जींस पहनी हुई थी। कई दिनों बाद भी सचिन का कोई सुराग न मिलने पर उसकी मां, बाबा और अन्य परिजन माती स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्रद्धा पांडे से मुलाकात कर बेटे की सकुशल बरामदगी की मांग की। एसपी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच में तेजी लाई जाएगी और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी माध्यमों से जल्द से जल्द किशोर की तलाश की जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं।


