ट्रिपल एक्शन: बजरी के अवैध स्टॉक किए नष्ट, अवैध खननकर्ताओं में मची खलबली, पुलिस, वन व खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

ट्रिपल एक्शन: बजरी के अवैध स्टॉक किए नष्ट, अवैध खननकर्ताओं में मची खलबली, पुलिस, वन व खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

मंडरायल/करौली. पुलिस, वन व खनन विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को चंबल घडिय़ाल अभ्यारण्य से अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बजरी के स्टॉक नष्ट किए। राजस्थान और मध्यप्रदेश सीमा से लगे चंबल नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस, वन विभाग और खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी दबिश दी। चंबल घडिय़ाल प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंची टीम ने इमरतापुरा गांव मै चंबल घडिय़ाल अभ्यारण्य प्रतिबंधित क्षेत्र से लाई गई अवैध बजरी के कई स्टॉक नष्ट किए, जबकि बजरी निकालने के रास्तों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस जवान और वनकर्मी मौजूद रहे। मंडरायल थानाधिकारी रामचंद्र रावत ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक एवं जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन ने चलाए गए अभियान के तहत पुलिस वन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम के साथ चंबल घडिय़ाल प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम गांव ईमरतापुरा पहुंची, जहां अवैध रूप से बड़ी मात्रा में बजरी का स्टॉक किया हुआ मिला। अधिकारियों ने मौके पर ही जेसीबी से बजरी के स्टॉकों को नष्ट कर दिया।

इसके अलावा चंबल नदी क्षेत्र में बजरी निकालने के लिए बनाए गए रास्तों पर भी कार्रवाई की गई। जेसीबी मशीन की मदद से इन रास्तों को तोडकऱ तहस नहस किया गया, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
कार्रवाई के दौरान मंडरायल थानाधिकारी रामचंद्र रावत, रेंजर इन्द्रजीत सिंह, रेंजर टिंकू सिंह सहित पुलिस, वन विभाग और खनिज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इधर इस दौरान परिवहन विभाग की ओर से भी कार्रवाई करते हुए खाली मिली 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालान बनाए गए। जिला परिवहन अधिकारी धारा सिंह ने बताया कि बिना नम्बर प्लेट और बिना रजिस्ट्रेशन मिलने पर कार्रवाई की गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *