मिर्जापुर के इंदी पर्वतपुर गांव निवासी नितिन दुबे ने प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 2026 में 2545वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार और जिले का नाम रोशन हुआ है। किसान परिवार से आने वाले नितिन ने दिल्ली में रहकर अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। उनकी सफलता से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नितिन के पिता कृष्ण कांत दुबे पेशे से अधिवक्ता होने के साथ-साथ खेती-किसानी का कार्य भी करते हैं। उन्होंने बताया कि नितिन ने शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीरता दिखाई और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे। परिवार ने उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग किया। नितिन की इस सफलता पर गांव के लोगों, शिक्षकों, शुभचिंतकों और परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। ग्रामीणों का मानना है कि नितिन की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। जेईई एडवांस देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इसमें सफल होने वाले छात्रों को देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्रवेश का अवसर मिलता है। नितिन की यह उपलब्धि दर्शाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।


