पानीपत जिले में इसराना थाना क्षेत्र के गांव नौल्था की इंदिरा कॉलोनी में एक कबाड़ गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यह घटना बीती रात करीब 1 बजे हुई, जिसमें लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखा सारा कबाड़ का सामान जल गया। इसके साथ ही मकान की कड़ियां भी जलकर टूट गईं और गिर गईं। गोदाम मालिक बहादुर की पत्नी रीना ने बताया कि उनके पति कबाड़ का काम करते हैं। वे धागा और अन्य सामान लाकर उसकी छंटाई करते हैं और फिर बाजार में बेचकर गुजारा करते हैं। गोदाम उनके घर से चार मकान आगे बना हुआ था। रीना के अनुसार, रात करीब 1 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। पड़ोसियों ने आग की लपटें देखकर तुरंत उन्हें सूचना दी। इसके बाद 112 पर कॉल कर पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपए का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


