चंदौली में 61 लाख की अवैध बियर जब्त:बिहार लेकर जा रहे थे दो तस्कर, पकड़े जाने पर मुंह छिपाते रहे

चंदौली में 61 लाख की अवैध बियर जब्त:बिहार लेकर जा रहे थे दो तस्कर, पकड़े जाने पर मुंह छिपाते रहे

चंदौली जिले में सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई में 61 लाख रुपये से अधिक की अवैध अंग्रेजी बियर जब्त की है। नवीन मंडी के पास जांच के दौरान भूसी लदे एक ट्रक से 1210 पेटी बियर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। गुरुवार को हाईवे पर वाहनों की जांच करते समय पुलिस टीम को एक भूसी लदे ट्रक पर संदेह हुआ। ट्रक को रोकने के बाद तलाशी ली गई, जिसमें भूसी के नीचे छिपाकर रखी गई 14,520 लीटर अंग्रेजी बियर मिली। इसकी अनुमानित कीमत 61 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के मूलाराम और हितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बियर की यह खेप पंजाब से लोड की गई थी और इसे बिहार के औरंगाबाद ले जाया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को बताया कि उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे और वे पुलिस से बचने के लिए बियर के ऊपर भूसी लादते थे। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने गुरुवार को पुलिस लाइन में इस पूरे मामले का खुलासा किया। इस कार्रवाई में सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पाण्डेय, रावेन्द्र सिंह, स्वाट प्रभारी रामजनम यादव सहित संयुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *