40 रुपए एक्स्ट्रा नहीं देने पर कैब ड्राइवर ने मारा थप्पड़, मुंबई की महिला का आरोप- शिकायत करने पर कंपनी ने ब्लॉक किया अकाउंट

40 रुपए एक्स्ट्रा नहीं देने पर कैब ड्राइवर ने मारा थप्पड़, मुंबई की महिला का आरोप- शिकायत करने पर कंपनी ने ब्लॉक किया अकाउंट

Uber Driver Slapped Woman Mumbai: मुंबई की एक सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर के पोस्ट इस समय इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। महिला का आरोप है कि उबर राइड के दौरान महज 40 रुपए के अतिरिक्त भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि ड्राइवर ने उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की। महिला ने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो साझा कर न सिर्फ इस खौफनाक आपबीती को सुनाया, बल्कि सुरक्षा और शिकायत निवारण को लेकर उबर इंडिया के रवैये पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मामला बढ़ने के बाद अब उबर इंडिया ने इस पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है।

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि इस मामले में जो पीड़ित महिला है उसका नाम शिवानी है, जो कंटेंट बनाने का काम करती है। इस घटना को लेकर शिवानी ने का कहना है कि यह विवाद तब हुआ जब वह महालक्ष्मी से नेरुल जाने के लिए उबर कैब में सवार हुई थीं। उन्होंने बताया कि उबर ऐप पर उनकी राइड का कुल किराया 501 रुपए दिख रहा था। लेकिन यात्रा के दौरान ड्राइवर ने उनसे ऐप के किराए से अलग, टोल टैक्स के नाम पर 40 रुपए कैश देने की मांग की। जब शिवानी ने ऐप से बाहर अलग से पैसे देने पर सवाल उठाया और मना किया, तो विवाद शुरू हो गया।

शिवानी ने अपने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि ‘ऐप पर किराया 501 रुपए था। ड्राइवर ने ऐप से अलग 40 रुपए एक्स्ट्रा मांगे। जब मैंने मना कर दिया, तो वह मुझे डराने-धमकाने के लिए मेरे बिल्कुल करीब आ गया। जब उसने आगे बढ़ने की कोशिश की तो मैंने उसे पीछे धकेला।’

कंटेंट क्रिएटर का आरोप- ड्राइवर ने थप्पड़ मारा और हाथ मरोड़ा

शिवानी ने आरोप लगाया कि यह विवाद सिर्फ बहस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ड्राइवर हिंसक हो गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद जो हुआ वह सिर्फ एक बहस नहीं थी। उसने मुझे थप्पड़ मार दिया। उसने मेरा हाथ पकड़ा और उसे बुरी तरह मरोड़ दिया, जिससे मुझे काफी चोट आई। इतना करने के बाद उसने मुझसे धमकी भरे लहजे में कहा कि ‘फिर से मार के दिखाऊं क्या?’

शिकायत करने पर पीड़ित का ही अकाउंट किया ब्लॉक!

शिवानी ने एक अन्य वीडियो में कुछ स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया कि घटना के बाद उबर इंडिया शुरुआत में ड्राइवर का ही पक्ष ले रही थी। यही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उबर ने उनका खुद का अकाउंट ब्लॉक कर दिया। शिवानी ने यह भी सवाल उठाया कि उनके चैट हिस्ट्री से कुछ चैट्स को डिलीट कर दिया गया था, जो कंपनी के शिकायत हैंडलिंग सिस्टम पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है।

उबर इंडिया ने दी सफाई, अकाउंट किया बहाल

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और उबर की चौतरफा फजीहत होने के बाद कंपनी ने शिवानी के पोस्ट के कमेंट सेक्शन में सार्वजनिक रूप से जवाब दिया है। उबर इंडिया ने लिखा, ‘सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और उबर प्लेटफॉर्म पर किसी भीतरह के शारीरिक नुकसान या डराने-धमकाने की हरकत के लिए कोई जगह नहीं है।’ इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि वह ड्राइवर के इस कथित कृत्य की कड़ी निंदा करती है और अपनी नीतियों के अनुसार ड्राइवर के खिलाफ उचित कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही उबर ने पुष्टि की कि शिवानी के अकाउंट को दोबारा बहाल कर दिया गया है और कानूनी कार्रवाई में पुलिस के साथ सहयोग के लिए कंपनी उनके संपर्क में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *