गोरखपुर में गुरुवार की सुबह से निकली तेज धूप और भारी उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर को अचानक मौसम बदल गया और बूंदाबांदी शुरू हो गई। धूप के बीच हल्की ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडेय के मुताबिक, आज दिन भर बादल, बारिश और उमस का मिलाजुला असर देखने को मिल सकता है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के भीतर शहर के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और गरज के साथ मध्यम बारिश की आशंका जताई है। देखिए तस्वीरें… सुबह की धूप ने छुड़ाए पसीने गुरुवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बेहद तल्ख था। सूरज निकलते ही चिलचिलाती धूप और हवा बंद होने के कारण लोग उमस से बेहाल थे। पसीने वाली गर्मी के कारण दोपहर के वक्त बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी थी। लेकिन दोपहर करीब 1 बजे के बाद अचानक आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और थोड़े समय के लिए कई इलाकों में हल्की बूंदे पड़ने लगीं। हालांकि, आसमान में धूप भी खिली हुई थी, लेकिन ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट महसूस की गई। दिन भर मौसम ऐसे ही बने रहने के आसार
मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडेय ने बताया कि इस समय हवाओं के रुख में बदलाव के कारण मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। उन्होंने संभावना जताई है कि आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश और उमस का मिलाजुला असर बना रहेगा। धूप निकलने के साथ ही बीच-बीच में बादल बरसते रहेंगे। अगले 3 घंटे के लिए चेतावनी जारी
मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले तीन घंटे के भीतर गोरखपुर और इसके आस-पास के कुछ ग्रामीण इलाकों में मौसम और ज्यादा बदल सकता है। विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कुछ जगहों पर तेज हवाओं और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस बदलाव से आने वाले एक-दो दिनों में लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


