छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है और मौसम विभाग के अनुसार आज (4 जून) से पूरे प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवा (50-60 किमी) और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। हालांकि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं और पिछले 24 घंटों में भी तापमान में विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया, जहां राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान बिजली गिरने की घटनाओं में 3 महिलाओं की मौत हुई और दंतेवाड़ा में 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आए, बीजापुर और मनेंद्रगढ़ में भी महिलाएं काम के दौरान बिजली गिरने की चपेट में आईं। उत्तर छत्तीसगढ़ के हिस्सों में बारिश उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। वहीं प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। इन जिलों में हुई बारिश पिछले 24 घंटों में दंतेवाड़ा के कुआकोंडा में 30 मिलीमीटर बारिश हुई। कोरबा और पेंड्रा रोड में 20-20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मुंगेली के पथरिया, सरगुजा के मैनपाट, जशपुर के कांसाबेल, कोरबा के कटघोरा और भैसमा, पेंड्रा और सूरजपुर में 10-10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दो तरह के मौसमी सिस्टम एक्टिव फिलहाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर तमिलनाडु तक एक लंबी ट्रफ लाइन बनी हुई है। यह मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और रायलसीमा से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी और दक्षिण दिशा से नमी लगातार मध्य भारत की ओर पहुंच रही है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ में बादल बनने की प्रक्रिया तेज हो रही है और गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। छत्तीसगढ़ में आंधी तूफान और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी इन दोनों मौसमी सिस्टम से आज पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी संभव हैं। दिन के तापमान में बड़ी गिरावट नहीं होगी, लेकिन बादलों और बारिश से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है। रायपुर का मौसम रायपुर में आज बादल छाए रह सकते हैं। शहर में गरज-चमक, धूलभरी आंधी, बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग की सलाह मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न रहने की सलाह दी है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को भी मौसम अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।


