दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले LLB थर्ड ईयर के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि लॉ डिपार्टमेंट के ही फोर्थ ईयर के दो छात्रों ने पीड़ित को जातिसूचक शब्द कहे। विरोध करने पर हथियार से पीटा। उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित छात्र की शिकायत पर कैंट थाने में दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जानिए पूरा मामला… शाहपुर इलाके के मोहनापुर जंगल हकीम नंबर-2 के रहने वाले प्राजल वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी है। प्राजल यूनिवर्सिटी में थर्ड ईयर का स्टूडेंट है। आरोप है कि 1 जून की दोपहर करीब 3 बजे वह यूनिवर्सिटी के पंत पार्क के सामने था। तभी लॉ डिपार्टमेंट के फोर्थ ईयर के दो छात्रों और उनके कुछ अनजान साथियों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर उसे रास्ते में रोक लिया। मोबाइल तोड़ा और मारा
पीड़ित छात्र का कहना है कि उन लोगों ने पहले उसे गाली दी और उसकी जाति को लेकर अपशब्द कहे। जब उसने इसका विरोध किया, तो उन्होंने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे डराया और उसके बट से प्राजल पर हमला किया। जाते-जाते उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। इन लोगों पर दर्ज हुआ FIR
इस घटना के बाद पीड़ित छात्र ने कैंट थाने में शिकायत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने देवांश सिंह, मोहित यादव और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जो भी सच होगा, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


