बालाघाट की बावनथड़ी कॉलोनी में 15 दिन से जलसंकट:CM हेल्पलाइन शिकायत वापस लेने पर ही मिलेगा पानी; विधायक ने दिए 24 घंटे

बालाघाट की बावनथड़ी कॉलोनी में 15 दिन से जलसंकट:CM हेल्पलाइन शिकायत वापस लेने पर ही मिलेगा पानी; विधायक ने दिए 24 घंटे

बालाघाट नगरपालिका क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। शहर के कई वार्डों में टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। इसी बीच, बावनथड़ी कॉलोनी के निवासियों को सीएम हेल्पलाइन में पेयजल की शिकायत करना पड़ रहा है। आरोप है कि नगरपालिका का जलप्रदाय विभाग शिकायत वापस लेने तक नल कनेक्शन नहीं देने का दबाव बना रहा है। बावनथड़ी कॉलोनी के निवासी पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। बुधवार देर शाम विधायक अनुभा मुंजारे उनसे मिलने पहुंचीं। रहवासियों ने विधायक को नगरपालिका और जल संसाधन विभाग दोनों की लापरवाही से अवगत कराया। विडंबना यह है कि वैनगंगा नदी के किनारे बसी इस कॉलोनी के लोगों को ही पानी नहीं मिल पा रहा है। निवासियों ने शिकायत की कि उन्हें नगरपालिका के नल और जल संसाधन विभाग के पंप से भी पानी नहीं मिल रहा है। 15 दिन से पानी संकट झेल रहे लोग गौरतलब है कि नगरपालिका में भाजपा को दो वक्त पानी उपलब्ध कराने के वादे पर सत्ता मिली थी। तत्कालीन भाजपा नगरपालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों को दो वक्त पेयजल का भरोसा दिलाया था। हालांकि, नदी के पास स्थित बावनथड़ी कॉलोनी हर साल गर्मियों में कई दिनों तक प्यासी रहती है। इसी शिकायत के बाद विधायक अनुभा मुंजारे निवासियों से मिलने पहुंची थीं। बैठक के दौरान, निवासियों ने अपनी पेयजल संबंधी समस्याएं विस्तार से बताईं। शहनाज खान नामक एक महिला निवासी ने आरोप लगाया कि नगरपालिका कर्मचारी उन्हें सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत वापस लेने के लिए रोजाना परेशान करते हैं, यह कहते हुए कि शिकायत वापस लेने के बाद ही उन्हें नल कनेक्शन मिलेगा। एक अन्य महिला ने बताया कि पिछले 15 दिनों से वार्ड में पानी की भारी किल्लत है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। 24 घंटे के अंदर पानी देने की मांग विधायक अनुभा मुंजारे ने निवासियों की समस्याओं पर नगरपालिका परिषद और जल संसाधन विभाग के एसडीओ से दूरभाष पर बात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड में पानी की समस्या का समाधान 24 घंटे के भीतर किया जाए। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं होता है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *