रायसेन| राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों ने इस बार विरोध का अनोखा और सकारात्मक तरीका अपनाते हुए जिला अस्पताल परिसर के बाहर प्याऊ लगाई और मरीजों, उनके परिजनों तथा राहगीरों को ठंडा पानी पिलाया। जिला मुख्यालय पर एकत्रित संविदा कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों के निराकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के चलते प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत रायसेन जिले के कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनका संघर्ष अपने अधिकारों के लिए है, जबकि आम जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। इसी भावना के तहत उन्होंने अस्पताल आने वाले लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की। 400 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने नहीं किया काम : हड़ताल के कारण जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों के अनुसार रायसेन जिले के करीब 400 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी दूसरे दिन भी कार्य से दूर रहे, जिससे कई नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि आपातकालीन सेवाओं को बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि वे वर्षों से नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने और अन्य लंबित मांगों को लेकर शासन से मांग कर रहे हैं। यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हड़ताल स्थल पर कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए शासन से संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सीएमएचओ बोले – सेवा से पृथक करने की होगी कार्रवाई सीएमएचओ डॉक्टर दिनेश खत्री ने बताया कि संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से जिले भर में किसी प्रकार का कोई काम प्रभावित नहीं हुआ है। जो कर्मचारी हड़ताल पर गए हैं, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बाद भी यह काम पर नहीं लौटते हैं, तो उनके खिलाफ सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की जाएगी। इस हड़ताल को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।


