कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कल्यानपुर नेशनल हाईवे पर खड़े एक ट्रेलर में पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कंटेनर का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि कंटेनर कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा था। कल्यानपुर गांव के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। कोखराज थाना प्रभारी सीबी मौर्य ने बताया कि ड्राइवर की हालत गंभीर होने के कारण अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है और मामले की जांच कर रही है। कंटेनर चालक की पहचान के लिए गाड़ी से मिले कागजातों की भी जांच की जा रही है।


