एसपी ने अपराधों की समीक्षा बैठक की:अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए कहा, बोलीं- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एसपी ने अपराधों की समीक्षा बैठक की:अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए कहा, बोलीं- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अंबेडकरनगर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बुधवार देर शाम को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी आयोजित की। इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी एवं पश्चिमी), सभी क्षेत्राधिकारी और जनपद के समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान एसपी प्राची सिंह ने जिले में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, भूमि विवाद और जनशिकायतों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कानून व्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा की। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहाकि अपराधियों पर प्रभावी लगाम लगाना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए। उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी हो जिससे आमजन का विश्वास मजबूत हो और पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। गोष्ठी में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों की नियमित निगरानी, महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने, जनता से संवाद बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य जिले में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून व्यवस्था कायम रखना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *