फतेहगढ़ साहिब में घल्लूघारा सप्ताह के मद्देनजर पंजाब पुलिस द्वारा पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। इसी कड़ी में, पंजाब पुलिस के एडीजीपी (सुरक्षा) डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने बुधवार को फतेहगढ़ साहिब जिले का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने थाना बडाली आला सिंह सहित क्षेत्र में लगाए गए विभिन्न पुलिस नाकों का विस्तृत और जमीनी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीजीपी डॉ. शर्मा ने थाना परिसर में सुरक्षा के लिहाज से लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगरानी तंत्र को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ग्राउंड पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से मौजूदा सुरक्षा प्रबंधों की फीडबैक भी ली। 24 घंटे एक्टिव हैं नाके, जिला कंट्रोल रूम से सीधे जुड़े हैं कैमरे मीडिया से बातचीत करते हुए एडीजीपी (सुरक्षा) ने सुरक्षा ग्रिड की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बडाली आला सिंह में स्थापित पुलिस नाका 24 घंटे पूरी तरह सक्रिय रहता है। यहां पुलिसकर्मी मुस्तैदी के साथ 12-12 घंटे की शिफ्टों में ड्यूटी दे रहे हैं।नाके पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों का सीधा लिंक फतेहगढ़ साहिब स्थित मुख्य कंट्रोल रूम से है, जहां से हर संदिग्ध गतिविधि पर 24 घंटे लाइव नजर रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश एडीजीपी (सुरक्षा) डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि पंजाब पुलिस का मुख्य उद्देश्य राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और नागरिकों को एक सुरक्षित माहौल देना है। इसके लिए सभी जिलों में सुरक्षा प्रबंधों की नियमित समीक्षा की जा रही है। तैनात अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि शरारती और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध इनपुट या गतिविधि पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


