शहर के मुस्लिम समाज और वक्फ इंतजामिया कमेटी अंजुमन इस्लाम ने बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें कब्रिस्तानों, मजारों और वक्फ संपत्तियों पर कथित अतिक्रमण हटाने तथा भूमि को सुरक्षित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि शहर की विभिन्न वक्फ संपत्तियों पर लगातार कब्जे और निर्माण कार्य हो रहे हैं। इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और भविष्य में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। यह ज्ञापन वक्फ इंतजामिया कमेटी के सदर अकरम खान और शहर काजी काजी अतीक उल्लाह कुरैशी के नेतृत्व में दिया गया। इसमें पाली रोड स्थित मुख्य कब्रिस्तान का उल्लेख किया गया है, जहां शहर के अधिकांश मुस्लिम समुदाय के शव दफनाए जाते हैं। कमेटी ने आरोप लगाया है कि इस कब्रिस्तान की भूमि पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। कब्रिस्तान से लगे कुछ मकानों से शौचालय और नालियों का गंदा पानी कब्रिस्तान की ओर छोड़ा जा रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। कब्रिस्तान का मुद्दा उठाया मुस्लिम समाज ने प्रशासन की निगरानी में कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के निर्माण और रास्ते में मौजूद अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। ज्ञापन में बगवाज रोड स्थित अब्बासी कब्रिस्तान, गौशाला के पीछे स्थित रंगरेज कब्रिस्तान और बस स्टैंड के पीछे अंसारी कब्रिस्तान पर भी अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। मजार के पास से हटाया जाए अतिक्रमण मुस्लिम समाज ने जैदा तिराहे पर स्थित मिट्टी शाह मजार से जुड़ी भूमि का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में बताया गया है कि इस भूमि से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और स्थगन आदेश भी प्राप्त है। इसके बावजूद, कथित रूप से भूमि की प्लॉटिंग और विक्रय का प्रयास किया जा रहा है। समाज का कहना है कि यदि यह भूमि वक्फ या औकाफ संपत्ति है, तो इसका उपयोग केवल धार्मिक एवं सामुदायिक हितों के लिए होना चाहिए। इसे बेचने या कॉलोनी विकसित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। समाज ने प्रशासन से भूमि की यथास्थिति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के निर्माण और विक्रय पर रोक लगाने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, ज्ञापन में कंडेल बाजार स्थित अंजुमन इस्लाम की संपत्ति पर भी कब्जे का आरोप लगाया गया है। कई स्थानों पर हो चुका है अतिक्रमण समाज का कहना है कि मकान के कमरा क्रमांक 7 और 8 सहित खुली भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर, एसडीएम, नगर पालिका और थाना प्रभारी को पूर्व में लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुस्लिम समाज ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो समाज शांतिपूर्ण आंदोलन करेगा। ज्ञापन में आंदोलन की स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया गया है।


