हनुमानगढ़ में विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर एक जागरूकता रैली और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाना था। माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा जिला साइकिलिंग संघ ने संयुक्त रूप से इसका आयोजन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी प्रीति रहीं। राजस्थान साइकिलिंग एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष और जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मदनलाल सुथार ने इसकी अध्यक्षता की। सशक्त नारी संस्थान की संयोजक शिवानी स्वामी, जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के सदस्य दलीप वर्मा और कोच रवनीत कौर विशिष्ट अतिथियों में शामिल थे। कार्यक्रम संयोजक और कोच सुनील सामरिया ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप चौक से साइकिल रैली शुरू हुई। यह रैली लाल चौक, कलेक्ट्रेट, जिला परिषद और करनी चौक जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्वयंसेवक शामिल हुए, जिन्होंने “स्वस्थ शरीर-स्वस्थ भारत” और “साइकिल अपनाओ-पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी प्रीति ने साइकिल को एक सस्ता, सुलभ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन बताया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर होता है और प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। प्रीति ने युवाओं से फिट इंडिया अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। अध्यक्षीय संबोधन में मदनलाल सुथार ने साइकिलिंग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर जोर दिया। शिवानी स्वामी ने महिलाओं और युवतियों को साइकिलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। दलीप वर्मा ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस ऊर्जा संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण संदेश देता है। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में जिला साइकिलिंग संघ के संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, विजय मोयल और युवा मंडल के सदस्यों तथा स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।


