बलिया में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग खराब:सड़क निर्माण, आवास योजना में निचले पायदान पर पहुंचा जिला, अधिकारियों को फटकारा

बलिया में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग खराब:सड़क निर्माण, आवास योजना में निचले पायदान पर पहुंचा जिला, अधिकारियों को फटकारा

बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। जनवरी से अब तक के चार माह की रैंकिंग में कई विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। समीक्षा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त योजना, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जननी सुरक्षा योजना, महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण अभियान और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रैंकिंग ‘सी’ श्रेणी में पाई गई। इसके अतिरिक्त, कृषि विभाग के प्रीमियम आईडी, पंचायती राज विभाग और नई सड़कों के निर्माण कार्य की रैंकिंग ‘बी’ श्रेणी में दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण योजनाओं की रैंकिंग अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंची है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और अगली समीक्षा तक अपनी रैंकिंग को ‘ए’ श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जिले की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार लाने के लिए कहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *