जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि गांव-ढाणियों तक पानी पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना को पिछली कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया, जिसके चलते लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह दौसा के कालाखोह बांध पर आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के कार्यक्रम के दौरान मंत्री रावत ने कहा- जेजेएम में भ्रष्टाचार करने वाले कई अधिकारी, इंजीनियर और तत्कालीन मंत्री भी जेल में है। उस व्यवस्था को सुधारने में समय लग रहा है, जल्द ही घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा। हनुमान बेनीवाल पर यह बोले मंत्री नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर की गई टिप्पणी के सवाल पर मंत्री रावत ने कहा- लोकतांत्रिक व्यवस्था में ऐसी टिप्पणी करना ठीक बात नहीं है। बेनीवाल चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं और एक पार्टी का संचालन कर रहे हैं। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है। बेनीवाल विपक्ष की भूमिका में है और सरकार के कामकाज में कोई कमी है तो अपनी बात कहनी चाहिए, लेकिन उसके लिए मर्यादा बहुत जरूरी है। क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत के लिए बजट देंगे वहीं जिले के बांधों से निकलने वाली नहरों के क्षतिग्रस्त होने और टेल तक पानी नहीं पहुंचने के सवाल पर मंत्री ने कहा- बिल्कुल सही बात है कि पिछली कई सरकारों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और बिल्कुल भी काम नहीं हुआ। सीएम के निर्देश पर प्रदेश भर में कैनाल सिस्टम को ठीक करने पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन नहरों से पानी की सप्लाई होती है, उनकी मरम्मत के प्रस्ताव भेजते ही बजट दिया जाएगा। ईआरसीपी से जुड़े डोलिका बांध- बंशीवाल विधायक विक्रम बंशीवाल ने कहा- बांधों का कैनाल सिस्टम काफी पुराना और क्षतिग्रस्त हो चुका है। इनकी अंतिम छोर तक मरम्मत कराई जाए, जिससे टेल तक के किसानों को सिंचाई का पानी मिल सके। विधायक ने डोलिका बांध को ईआरसीपी प्रोजेक्ट से जोड़ने और कालाखोह बांध के आसपास के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की मांग की। जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि 25 मई से शुरू हुआ यह अभियान 5 जून तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को लेकर आमजन को जागरूक करना है। इससे पहले मंत्री रावत और अधिकारियों ने पूजा अर्चना कर पौधे लगाए। इस दौरान एडीएम अरविन्द शर्मा, मनमोहन मीणा, एएसपी शंकरलाल मीणा, एसटी मोर्चा प्रदेश महामंत्री महेन्द्र चांदा, पूर्व प्रदेश मंत्री नीलम गुर्जर, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, महामंत्री लेखपाल कसाना, अभियान के जिला समन्वयक लोकेश शर्मा, जिला संयोजक महेन्द्र मीणा, रामविलास मरियाडा सहित भाजपा कार्यकर्ता हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


