गौरेला में तेज रफ्तार जेसीबी ने सामने से स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मृतक की पहचान बिलासपुर के देवरीखुर्द निवासी जय प्रकाश बंजारे (38) के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब जय प्रकाश अपनी स्कूटी से बांधामुड़ा के पास से गुजर रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल जय प्रकाश को संजीवनी एक्सप्रेस डायल 112 की मदद से तत्काल गौरेला जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गौरेला पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। CCTV खंगाल रही पुलिस थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फुटेज और चश्मदीदों के बयानों से पुष्टि हुई है कि जेसीबी चालक अत्यंत लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। गौरेला पुलिस ने अज्ञात जेसीबी चालक के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर तलाश कर रही है।


