औरैया में भाजपा बूथ अध्यक्ष की करंट से मौत:पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आए, मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित

औरैया में भाजपा बूथ अध्यक्ष की करंट से मौत:पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आए, मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित

औरैया के बेला थाना क्षेत्र स्थित याकूबपुर चौकी इलाके में मंगलवार सुबह एक भाजपा बूथ अध्यक्ष की 11,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 57 वर्षीय केदारनाथ रखवारिया के रूप में हुई है। यह घटना सुबह करीब 7:00 बजे की है। जानकारी के अनुसार, केदारनाथ रखवारिया अपने घर के बाहर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान, उनका संपर्क पास के एक पेड़ से हो गया, जिसमें अचानक 11,000 वोल्ट की विद्युत लाइन का करंट उतर आया था। बिजली का झटका इतना तीव्र था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। केदारनाथ रखवारिया भाजपा के पट्टी ज्ञानी रखवारिया बूथ अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी विमला देवी, बड़े पुत्र राघवेंद्र और छोटे पुत्र जितेंद्र हैं। बेला थाना प्रभारी गंगा दास गौतम ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तिर्वा पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *