सीहोर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव आया है। भीषण गर्मी और 44 डिग्री सेल्सियस तापमान से जूझ रहे जिले को प्री-मानसून बारिश और तेज हवाओं से राहत मिली है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। दो दिनों की तपिश के बाद पारा गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जिससे लोगों को लू से राहत मिली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में आष्टा में 22 मिमी, जावर में 3.1 मिमी, इछावर में 13 मिमी, भेरूंदा में 25 मिमी, बुधनी में 2.5 मिमी, रेहटी में 16.2 मिमी, सीहोर में 2 मिमी और श्यामपुर में 3 मिमी बारिश हुई। मौसम बदलने के साथ ही जिले में कई जगहों पर तेज आंधी-तूफान भी आया। हवाओं की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे और खेतों में कई पेड़ धराशायी हो गए, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं और अनेक गांवों में लगातार रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सीहोर समेत पूरे मध्य प्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री में थोड़ी देरी हो सकती है। आमतौर पर 10 से 15 जून तक आने वाला मानसून इस साल 20 जून के आसपास सीहोर जिले में दस्तक दे सकता है। वर्तमान में हो रही बारिश प्री-मानसून गतिविधियों और पश्चिमी विक्षोभ के असर का परिणाम है। अनुमान है कि 20 से 30 जून के बीच मानसून पूरे जिले को कवर कर लेगा। मौसम में आए इस बदलाव से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने आंधी-तूफान को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। 24 घंटे में कितनी हुई बारिश आष्टा 22.0 जावर 3.1 इछावर 13.0 भेरूंदा 25.0 बुधनी 2.5 रेहटी 16.2 सीहोर 2.0 श्यामपुर 3.0


