दमोह जिले के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वरधाम बांदकपुर के मड़िया गांव के पास सोमवार रात बाइक सवार युवक घायल अवस्था में मिला। बांदकपुर से दर्शन कर लौट रहे कुछ युवाओं ने उसे देखा और तत्काल मदद के लिए 112 पर कॉल किया। युवाओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर रेफर कर दिया। घायल बाइक सवार की पहचान भगवान सिंह (45) निवासी आनु के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि भगवान सिंह भी बांदकपुर से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। आशंका है कि उनकी बाइक फिसलने से दुर्घटना हुई या किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। डॉक्टर बोले-घायल के सिर में गंभीर चोटें आई घटनास्थल पर मदद करने वाले रमाकांत राय, विवेक गर्ग और महेंद्र तिवारी ने बताया कि वे सोमवार रात जागेश्वरधाम बांदकपुर से लौट रहे थे। मड़िया गांव के पास सड़क किनारे उन्होंने घायल बाइक सवार को पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 को सूचित किया। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर विक्रम पटेल ने बताया कि घायल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और उसकी हालत नाजुक थी। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। युवाओं की समय पर मदद से घायल को तुरंत इलाज मिल सका।


