राजस्थान में जून की शुरूआत आंधी-बारिश के साथ हुई। इससे गर्मी कम रही। वहीं, मौसम विभाग ने 2 जून को भी 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसका असर 5 जून तक रहेगा। वहीं, मौसम में इस बदलाव से तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे आ गया है। सबसे अधिक तापमान फलोदी में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में 41.4, बाड़मेर में 41.8, बीकानेर में 40.2, श्रीगंगानगर में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म रहे आंधी के साथ बारिश, ओले गिरे दोपहर बाद जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर, पाली, अजमेर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, नागौर, उदयपुर, कोटा, टोंक, अलवर, सवाई माधोपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर समेत कई जिलों में मौसम में बदलाव आया। आसमान में बादल छाए और कई जगह धूलभरी हवा चली। फलोदी, नागौर में बारिश के साथ ओले गिरे। अलवर, चित्तौड़गढ़, कोटा समेत कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में 20MM पानी बरसा, जबकि टोंक के निवाई में 11, अजमेर में 12.6, नागौर में 13MM बारिश हुई। आगे ऐसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों में मौसम जयपुर में दिन में गर्मी, शाम को ठंडक जयपुर में सोमवार दिन में हल्की गर्मी रही। अधिकतम तापमान में 2 डिग्री चढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। शाम को मौसम में बदलाव हुआ। घने बादल छाने के बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले तीन दिन इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया है। कोटा में तापमान कम हुआ कोटा में जून की शुरुआत राहत भरे मौसम के साथ हुई। सोमवार को पिछले दिनों की तुलना में तापमान में कमी आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शाम 5 बजे बाद आसमान में बादल छाए और ठंडी हवा चली। मौसम विभाग के अनुसार कोटा को यलो अलर्ट जारी किया गया है। जोधपुर में आंधी-बारिश जोधपुर शहर में सोमवार को अचानक मौसम बदला। दोपहर 2 बजे बाद बादल छाए। शाम 4:30 बजे बाद आंधी शुरू हुई। इसके बाद कुछ इलाकों में बारिश हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया था। अगले दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट है। सीकर में 3 डिग्री बढ़ा तापमान सीकर में सोमवार को तीसरे दिन तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आज सोमवार को सीकर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार और शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री था। सोमवार को बादलों की आवाजाही रहने के चलते सीकर में लोग उमस से परेशान हुए। अजमेर में 12.6 एमएम बारिश हुई अजमेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। बीते 24 घंटे में 12.6 एमएम बरसात दर्ज की गई। तापमान में गिरावट और बरसात के कारण गर्मी से राहत मिली। अलवर में दिनभर बादल छाए रहे अलवर में सोमवार को दोपहर से ही आसमान में बादल छाए रहे। राजगढ़ समेत आसपास के इलाकों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। राजगढ़ कस्बे की सड़कों पर पानी भरा नजर आया। दिन का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो पिछले दिनों की तुलना में कम रहा। उदयपुर में बारिश के साथ तेज हवा चली उदयपुर में सोमवार शाम को धूलभरी हवा चली। इसके बाद बारिश हुई। मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस. देवड़ा ने बताया कि आगे भी बादल छाए रहने के साथ हवा चलेगी। आने वाले चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे। तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है।


