भास्कर न्यूज| जालंधर वडाला चौक के पास चिट्ठी गांव से घूमकर लौट रहे दो युवकों पर 4-5 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने घात लगाकर हमला कर दिया। दहशत का आलम यह था कि पीडितों को अपनी जान बचाने के लिए बीच सड़क पर अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे में खेतों की ओर भागना पड़ा। न्यू दशमेश नगर के रहने वाले पीड़ित युवक ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ चिट्टी गांव में फोटो शूट और घूमने के लिए गया था। दिन ढलने के बाद जब वे दोनों अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी वडाला चौक के समीप यह घटना घटी। वहां पहले से मौजूद 4-5 बदमाशों ने अचानक उनकी बाइक घेर ली। सभी आरोपियों के हाथों में तेजधार हथियार थे और सीधे युवकों पर हमले का प्रयास किया और उन्हें जान से मारने की धमकियां देने लगे। हथियारों से लैस बदमाशों को हावी होता देख दोनों दोस्तों ने सूझबूझ से काम लिया। जान का खतरा भांपते हुए उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल वहीं सड़क पर छोड़ दी और साथ लगते खेतों की तरफ दौड़ लगा दी। आरोपियों ने हथियारों के साथ उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे और खेतों की आड़ के चलते वे युवकों को पकड़ने में नाकाम रहे। जब बदमाश उन्हें पकड़ नहीं पाए, तो बौखलाहट में उन्होंने खेतों की ओर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस पत्थरबाजी के दौरान एक ईंट पीड़ित युवक के पैर पर जा लगी, जिससे उसे गंभीर चोट आई है और पैर में काफी सूजन है। इसके बाद आरोपी सड़क पर पड़ी पीडितों की मोटरसाइकिल स्टार्ट कर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद युवकों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और अब हमलावरों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।


