प्रीमियम आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने ऐशबाग स्क्वायर और पार्क व्यू अपार्टमेंट परियोजनाओं के शेष फ्लैटों के लिए दोबारा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक 1 जून से 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एलडीए के अनुसार, ऐशबाग स्थित मिल रोड पर विकसित किए जा रहे ऐशबाग स्क्वायर में कुल 384 फ्लैट प्रस्तावित हैं। इनमें से 108 फ्लैटों का आवंटन पहले ही लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है, जबकि अब शेष 276 फ्लैटों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। यहां 3 बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के करीब 1900 वर्गफीट क्षेत्रफल वाले फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनकी शुरुआती कीमत 1.11 करोड़ रुपए रखी गई है। वहीं, बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने बन रहे पार्क व्यू अपार्टमेंट में कुल 364 फ्लैट होंगे। इनमें से 246 फ्लैट आवंटित हो चुके हैं और 118 फ्लैटों के लिए नया पंजीकरण खोला गया है। यहां 3 बीएचके फ्लैट की शुरुआती कीमत करीब 75 लाख रुपए और 3 बीएचके प्लस स्टडी फ्लैट की कीमत लगभग 95 लाख रुपए है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आवेदन केवल एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। सामान्य वर्ग के आवेदकों को फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग को 2.5 प्रतिशत राशि पंजीकरण शुल्क के रूप में जमा करनी होगी। फ्लैटों का आवंटन लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा। 3 साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य एलडीए ने दोनों परियोजनाओं का निर्माण तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जबकि पांच वर्ष के भीतर आवंटियों को कब्जा देने की योजना है। आवंटन के बाद खरीदारों को 36 माह की किश्तों में भुगतान की सुविधा मिलेगी। वहीं 45 से 90 दिन के भीतर पूरी राशि जमा करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी। मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं दोनों आवासीय परियोजनाओं में स्विमिंग पूल, क्लब हाउस, पार्क, किड्स प्ले एरिया, लिफ्ट, पावर बैकअप और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एलडीए का दावा है कि दोनों परियोजनाएं शहर के प्रमुख इलाकों से बेहतर कनेक्टिविटी वाली लोकेशन पर विकसित की जा रही हैं।


