झाबुआ जिले के करवड़-सारंगी रोड पर सोमवार दोपहर एक ट्रक और तूफान जीप के बीच भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में तूफान जीप के चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। करवड़ से एक किलोमीटर दूर हुआ हादसा यह दुर्घटना करवड़ से लगभग एक किलोमीटर दूर सारंगी मार्ग पर हुई। भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान शांतिलाल भाबर और कैलाश पारगी के रूप में की गई है। सूचना पर करवड़ चौकी पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों लहूलुहान घायलों को वाहन से बाहर निकाला और त्वरित उपचार के लिए सारंगी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। वाहनों को हटाकर सुचारू कराया ट्रैफिक दुर्घटना के कारण सारंगी मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। करवड़ पुलिस ने क्रेन और अन्य साधनों की मदद से बीच सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया और यातायात को पूरी तरह सुचारू रूप से बहाल किया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।


