लुधियाना के जगराओं में तहसील रोड पर स्थित एक निजी बैंक के पूर्व कर्मचारी द्वारा ग्राहक के साथ करीब 1.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड की बकाया राशि को आसान किस्तों (EMI) में बदलवाने का झांसा देकर ग्राहक का कार्ड अपने पास रख लिया और उसकी पूरी लिमिट साफ कर दी। पीड़ित ने लुधियाना देहाती के एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत में जगराओं के कच्चा मलक रोड निवासी सतिंदर पाल सिंह ने बताया कि वह कुक्कड़ चौक में दर्जी (टेलरिंग) की दुकान चलाते हैं। करीब आठ महीने पहले उक्त निजी बैंक का एक कर्मचारी उनकी दुकान पर आया और क्रेडिट कार्ड के फायदे गिनाकर उन्हें कार्ड लेने के लिए राजी कर लिया। कर्मचारी की बातों में आकर सतिंदर पाल सिंह ने उसके माध्यम से दो लाख रुपये की लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड बनवा लिया। EMI बनवाने के बहाने लिया कार्ड, फिर उड़ाए डेढ़ लाख रुपये पीड़ित के अनुसार, कुछ समय बाद उन्होंने घरेलू जरूरतों के लिए कार्ड से 50 हजार रुपये निकाले थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे समय पर बैंक का भुगतान नहीं कर सके। इस पर उन्होंने उसी कर्मचारी से संपर्क किया, तो उसने कहा कि आसान मासिक किस्तों (EMI) में तब्दील करवा देगा। इसके लिए उसने सतिंदर पाल सिंह से उनका क्रेडिट कार्ड मांग लिया। विश्वास में आकर पीड़ित ने अपना कार्ड उसे सौंप दिया। कार्ड लेने के बाद आरोपी लगातार बहानेबाजी करने लगा और कुछ समय बाद उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसी बीच जब पीड़ित ने अपने कार्ड का स्टेटस चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। आरोपी कर्मचारी ने कार्ड की बची हुई पूरी लिमिट का इस्तेमाल करके उसमें से करीब 1.5 लाख रुपये उड़ा लिए थे। नौकरी छोड़कर भागा आरोपी; डीएसपी को सौंपी गई जांच सतिंदर पाल सिंह ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बैंक में जाकर पता किया, तो मालूम हुआ कि आरोपी कर्मचारी पहले ही बैंक की नौकरी छोड़कर वहां से फरार हो चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सतिंदर पाल सिंह की शिकायत की जांच डीएसपी (मुख्यालय) को सौंप दी गई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा


