मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार शाम आगरा पहुंच गए। दिल्ली से वे सीधे विजय नगर स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे सर्किट हाउस निकल गए। वे मंगलवार दोपहर बाद तक आगरा में रहेंगे। सुबह वे कैलाश महादेव मंदिर पर पूजा-अर्चना करेंगे। दिल्ली से सीधे अपने घर पहुंचे ज्ञानेश कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त सोमवार शाम लगभग 5.30 बजे आगरा पहुंचे। इस दौरान उनके आवास पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। वे सीधे घर पहुंचे और माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों से मुलाकात भी की। मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे को देखते हुए पुलिस-प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दिया। कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त सोमवार रात को सर्किट हाउस में रुकेंगे। यहां से सुबह 6 बजे कैलाश महादेव मंदिर जाएंगे। यमुना किनारा स्थित इस प्राचीन मंदिर में वे जलाभिषेक के साथ ही पूजा-अर्चना भी करेंगे। बताया जा रहा है कि वे मन:कामेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन को भी जा सकते हैं।
ज्ञानेश कुमार का आगरा से है पुराना नाता
मूल रूप से आगरा के विजय नगर क्षेत्र से जुड़े ज्ञानेश कुमार का शहर से पुराना और गहरा नाता रहा है। उनके पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता मुख्य चिकित्सा अधिकारी रहे थे। उनका परिवार लंबे समय तक आगरा में निवास करता रहा। प्रशासनिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले इस परिवार की पहचान देश भर में रही है। उनके दामाद मनीष बंसल आगरा के जिलाधिकारी हैं। जबकि बेटी मेधा रुपम नोयडा की डीएम है। आगरा डीएम हैं उनके दामाद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का आगरा आगमन इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उनके दामाद आईएएस अधिकारी मनीष बंसल वर्तमान में आगरा के जिलाधिकारी हैं। मनीष बंसल 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उनकी पत्नी मेधा रूपम भी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। पारिवारिक मुलाकात
बताया जा रहा है, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस दौरे में पारिवारिक मुलाकात के साथ-साथ स्थानीय प्रशासनिक और निर्वाचन व्यवस्थाओं को लेकर औपचारिक संवाद किए जाने की चर्चाएं हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग की ओर से किसी विस्तृत आधिकारिक बैठक कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की गई है। शहर में सीईसी के आगमन को लेकर प्रशासन पहले से सतर्क है।


