पेपर लीक के मुद्दे पर प्रयागराज में बना नया समीकरण:प्रतियोगी छात्रों के समर्थन में AAP के साथ आए कांग्रेस नेता और अधिवक्ता

पेपर लीक के मुद्दे पर प्रयागराज में बना नया समीकरण:प्रतियोगी छात्रों के समर्थन में AAP के साथ आए कांग्रेस नेता और अधिवक्ता

प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर प्रयागराज में सियासी और छात्र आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की ओर से प्रतियोगी छात्रों के साथ सर्किट हाउस के इंडोर हॉल में आयोजित चर्चा के दौरान पुलिस और प्रशासन से हुई नोकझोंक के बाद अब कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता केके राय भी खुलकर छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगी छात्रों ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और रोजगार के मुद्दों को उठाया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर हस्तक्षेप और रोक-टोक की स्थिति भी बनी, जिसके बाद विपक्षी नेताओं ने सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार भर्ती परीक्षाओं के संचालन और पेपर पहुंचाने की जिम्मेदारी निजी एजेंसियों को देकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं के भरोसे को तोड़ रही हैं। उन्होंने सरकार पर सेना की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि सेना का काम देश की सुरक्षा करना है, न कि परीक्षा व्यवस्था संभालना।
वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि अब छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता केके राय ने भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि बेरोजगारी, शिक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों की लड़ाई है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में इस आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा। छात्रों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक चेहरों के एक मंच पर आने से अब यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी और गर्माने की संभावना जताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *