Burning Feet Cause Hindi : बहुत से लोगों को एक अजीब सी परेशानी होती है कि उनके पैरों के तलवे हमेशा गर्म रहते हैं। खासकर, रात को सोते समय तो ऐसा लगता है जैसे तलवों में से आग निकल रही हो। कुछ लोग सोचते हैं कि दिनभर की दौड़भाग या थकान की वजह से ऐसा हो रहा है और इस पर ज्यादा ध्यान नहीं देते।
सरकारी अस्पताल के फिजिशियन डॉक्टर प्रतीक अग्रवाल का कहना है कि पैरों में गर्मी और जलन होना डायबिटीज, नसों की कमजोरी या शरीर में जरूरी विटामिन की कमी के कारण हो सकता है।
क्या होता है पैरों में जलन का कारण?
पैरों के तलवे हमेशा गर्म रहने या उनमें सुइयां चुभने जैसी तकलीफ होने को मेडिकल की भाषा में बर्निंग फीट सिंड्रोम कहा जाता है। यह अपने आप में कोई बीमारी नहीं है, बल्कि शरीर के अंदर छुपी किसी दूसरी बीमारी का एक बड़ा लक्षण है। इसका कारण है पैरों की नसों का कमजोर होना या उन्हें नुकसान पहुंचना। जब हमारे पैरों तक खून ले जाने वाली बारीक नसें सही से काम नहीं कर पातीं, तो वे दिमाग तक उल्टे-सीधे सिग्नल भेजने लगती हैं। इसी वजह से हमें पैरों में हर समय तेज गर्मी या जलन महसूस होने लगती है।
इन वजहों से गर्म होते हैं तलवे
1. डायबिटीज (शुगर की बीमारी)- पैरों के तलवे गर्म होने की सबसे बड़ी वजह बढ़ा हुआ शुगर लेवल हो सकता है। जब शरीर में लंबे समय तक शुगर कंट्रोल में नहीं रहती, तो यह पैरों की नसों को धीरे-धीरे कमजोर करने का काम करती है।
2. विटामिन की कमी- हमारे शरीर की नसों को ठीक से काम करने के लिए विटामिन B12 की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। अगर आप खाने-पीने में लापरवाही करते हैं और शरीर में इस विटामिन की कमी हो जाती है, तो तलवे गर्म हो सकते हैं।
3. किडनी या थायराइड की दिक्कत- अगर किसी का थायराइड लेवल बिगड़ा हुआ है या किडनी में कोई परेशानी है, तो भी शरीर के टॉक्सिंस (गंदगी) बाहर नहीं निकल पाती। ये गंदगी पैरों की नसों पर असर डालती है जिससे पैर तपने लगते हैं। इस कारण भी आप ऐसा महसूस कर सकते हैं।
पैरों की इस परेशानी को कैसे रोकें?
1. शुगर लेवल पर रखें नजर- अगर आपको डायबिटीज है, तो सबसे पहले अपने डॉक्टर से मिलकर शुगर को कंट्रोल करें।
2. खाने में शामिल करें सही चीजें- अपनी डाइट में दूध, दही, पनीर, दालें, हरी सब्जियां और नट्स जैसी चीजें जरूर खाएं। इनसे शरीर को भरपूर विटामिन B12 और जरूरी पोषक तत्व मिलेंगे।
3. आरामदायक चप्पल और जूते पहनें- बहुत ज्यादा टाइट जूते पहनने से पैरों में खून का दौरा रुक जाता है, जिससे पैर गर्म होने लगते हैं। इसलिए हमेशा कंफर्टेबल और हवादार फुटवियर ही पहनें।
इस तरह से आपको गर्म तलवे की दिक्कत से राहत मिल सकती है। हालांकि, डॉक्टर के परामर्श के आधार पर ही कोई उपचार करें।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।


