पंजाब कांग्रेस के प्रधान एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग आज सोमवार को PAU (पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी) के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने की मांग को लेकर संसदीय कृषि संबंधी स्थायी समिति को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद वह मीडिया से रुबरु होंगे। जानकारी के अनुसार राजा वड़िंग सुबह PAU पहुंचेंगे। इस दौरान वह कृषि अनुसंधान, नई तकनीकों के विकास और विश्वविद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार से अधिक वित्तीय सहयोग देने की मांग उठाएंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पंजाब देश की कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और किसानों के सामने बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए कृषि अनुसंधान संस्थानों को मजबूत करना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से पीएयू के लिए अतिरिक्त फंड और आधुनिक सुविधाओं की मांग को लेकर यह ज्ञापन सौंपा जाएगा। राजा वड़िंग का मानना है कि कृषि क्षेत्र में नवाचार और शोध को बढ़ावा देने से किसानों की आय बढ़ाने, फसल उत्पादकता सुधारने तथा कृषि क्षेत्र की नई चुनौतियों का समाधान निकालने में मदद मिलेगी।


