हापुड़ में कपड़ा व्यापारी से 22 लाख की लूट:मुरादाबाद से दिल्ली लौटते समय बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

हापुड़ में कपड़ा व्यापारी से 22 लाख की लूट:मुरादाबाद से दिल्ली लौटते समय बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक कपड़ा व्यापारी से 22 लाख रुपये की लूट हुई है। मुरादाबाद से दिल्ली लौटते समय कार सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना रविवार रात की है, जिसकी सूचना दिल्ली पहुंचने पर एक नेता के माध्यम से पुलिस को दी गई। जानकारी के मुताबिक दिल्ली निवासी थोक कपड़ा व्यापारी डब्बू जैन मुरादाबाद मंडल में कारोबार करते हैं। रविवार को वे मुरादाबाद में कपड़ों की बिक्री का पैसा लेने गए थे। रात करीब 9:30 बजे 22 लाख रुपये की रकम लेकर वे अपनी कार से दिल्ली लौट रहे थे। गढ़ गंगा पुल पार करने के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पहुंचने पर दो कार सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल लगा दी, जबकि दूसरा बदमाश कार में घुस गया। बदमाशों ने हथियारों की नोक पर कार में रखे 22 लाख रुपये लूट लिए और कुछ दूर आगे जाकर उतर गए। उन्होंने ड्राइवर का मोबाइल भी छीन लिया। डब्बू जैन ने बताया कि वे घटना से इतने भयभीत थे कि उन्होंने दिल्ली पहुंचने तक कार नहीं रोकी और सीधे घर चले गए। यह वारदात गंगा पुल पार करने के करीब 10 किलोमीटर बाद हुई थी। उन्होंने अपने दोस्त भाजपा नेता को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रात करीब 11:30 बजे गढ़ और सिंभावली पुलिस दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यापारी को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया है। एसपी केजी सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और व्यापारी को दिल्ली से बुलवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। एसपी ने प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध बताया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *