रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों तथा रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन पडरौना के प्लेटफार्म नंबर-1 पर जीआरपी टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से तीन चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरा सोती के भिटहा ओपी थाना, पश्चिमी चम्पारण के रहने वाले मो. जाकिर हुसैन (31 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपना खर्च चलाने के लिए ट्रेनों, रेलवे प्लेटफार्मों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी करता है। उसने बताया कि वह विशेष रूप से चलती ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाता था। चोरी किए गए मोबाइल और अन्य सामान को वह राह चलते लोगों को बेच देता था और उससे मिलने वाले पैसों से अपना खर्च चलाता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बरामद किए गए मोबाइल फोन बेचने के लिए आया था, लेकिन इससे पहले ही जीआरपी टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से रेलवे क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इस मामले में जीआरपी गोरखपुर थाना में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम इस गिरफ्तारी में जीआरपी गोरखपुर के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह, जीआरपी चौकी पडरौना उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगदीश गोंड, कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल थे। पुलिस ने बताया कि रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


