ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर वीडियोकोच बस में रविवार रात आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर पनिहार रेलवे स्टेशन के पास अचानक भीषण आग लग गई। चलती बस से आग की ऊंची लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि बस स्टाफ की सतर्कता और यात्रियों की सूझबूझ से समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। बस रात 10 बजे ग्वालियर से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। पनिहार स्टेशन के पास भड़की आग पनिहार थाना पुलिस के अनुसार, स्लीपर वीडियोकोच बस क्रमांक MP 09 FA-9349 ग्वालियर से इंदौर जा रही थी। रात करीब 11 बजे बस जैसे ही पनिहार रेलवे स्टेशन के पास हाईवे पर पहुंची, तभी अचानक उसके इंजन और पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं। बस के भीतर धुआं भरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर और क्लीनर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे मुख्य दरवाजे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगा दी। राहगीरों और बस स्टाफ की मदद से कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल चलती बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात रोका गया। इसके बाद नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया, जिसने आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। शॉर्ट सर्किट की आशंका फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि हादसे में यात्रियों के सामान को कितना नुकसान हुआ है और आग लगने का वास्तविक कारण क्या था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।


