जौनपुर के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बारीगांव नेवादा गांव में रविवार रात एक युवक की नीम का पेड़ गिरने से मौत हो गई। युवक शादी समारोह से लौट रहा था, तभी वह पेड़ की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विनय पटेल ने अपना एक नीम का पेड़ बेचा था। एक व्यापारी के मजदूर उस पेड़ को काट रहे थे। इसी दौरान गांव के निवासी अरविंद पटेल किसी शादी समारोह में दैजा देकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। जब अरविंद उस स्थान के पास पहुंचे जहां पेड़ की कटाई चल रही थी, तभी विशाल नीम का पेड़ अचानक उन पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मड़ियाहूं कोतवाली के दरोगा कविद्र नाथ राय ने बताया कि शव का पंचनामा कर रात करीब 9 बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। मृतक अरविंद पटेल के परिवार में एक बेटी नेहा और दो बेटे नितिन व लकी हैं, जिनका अभी विवाह नहीं हुआ है। अरविंद मुंबई शहर में रहकर मजदूरी करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह लगभग 15 दिन पहले ही अपने गांव आया हुआ था।


