गंगास्नान कर लौट रही महिला को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत:शाहजहांपुर में मिर्जापुर-ढाईघाट रोड पर बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर

गंगास्नान कर लौट रही महिला को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत:शाहजहांपुर में मिर्जापुर-ढाईघाट रोड पर बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर

शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्येष्ठ पूर्णिमा (पुरुषोत्तम पूर्णिमा) के अवसर पर ढाईघाट में गंगा स्नान कर बाइक से घर लौट रहे दंपत्ति को बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मिर्जापुर थानाध्यक्ष सोनी शुक्ला के अनुसार, ग्राम चितरऊ निवासी रामप्रकाश वर्मा (लगभग 55) अपनी पत्नी रामवती (50) के साथ रविवार सुबह करीब आठ बजे ढाईघाट से स्नान कर लौट रहे थे। मिर्जापुर-ढाईघाट सिंगल रोड पर ढाई गांव के ईंट भट्ठे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामवती सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामप्रकाश बाइक सहित सड़क किनारे खाई में जा गिरे और घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। मृतका अपने पीछे चार बेटियां मीना, नीलम, मिथलेश, रेखा और दो बेटे शिवओम व हरी सिंह को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *