ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी वन सोसायटी में शनिवार को एक 75 वर्षीय अस्थमा मरीज को अस्पताल ले जाते समय लिफ्ट अटक गई। आरोप है कि 27वें फ्लोर से ग्राउंड फ्लोर पर जाते समय लिफ्ट का दरवाजा बंद नहीं हुआ, जिससे मरीज को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सुबह एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई थी। टावर डी में लगी बड़ी लिफ्ट में स्ट्रेचर पर मरीज को लेटाकर जैसे ही परिजन घुसे, लिफ्ट 27वें फ्लोर से नीचे नहीं बढ़ी। लिफ्ट का गेट बंद न होने के कारण काफी देर तक समस्या बनी रही। सोसायटी के निवासी ज्ञानचंद पांडेय ने इस घटना पर प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में तीन से चार हजार परिवार रहते हैं और उनसे भारी मेंटिनेंस चार्ज वसूला जाता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर निवासियों को आए दिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। काफी मशक्कत के बाद मेंटेनेंस टीम के पहुंचने पर लिफ्ट को नीचे लाया जा सका, जिसके बाद बुजुर्ग को अस्पताल भेजा गया। निवासियों का कहना है कि सोसायटी में लिफ्टों की स्थिति बेहद खराब है। वे अक्सर किसी भी फ्लोर पर अचानक रुक जाती हैं और ऊपर या नीचे नहीं जातीं। इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन मेंटिनेंस विभाग कोई ध्यान नहीं देता।


