विदिशा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दो घोषणाएं:लोक कल्याण शिविर लगेगा, 6-7 जून को कैंसर स्क्रीनिंग कैंप, टाटा मेमोरियल से आएंगे विशेषज्ञ डॉक्टर

विदिशा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दो घोषणाएं:लोक कल्याण शिविर लगेगा, 6-7 जून को कैंसर स्क्रीनिंग कैंप, टाटा मेमोरियल से आएंगे विशेषज्ञ डॉक्टर

विदिशा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को विदिशा पहुंचे, जहां उन्होंने स्ट्रीट वेंडरों के साथ जनसंवाद किया और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि योजना ने छोटे कारोबारियों को साहूकारों और ऊंचे ब्याज वाले कर्ज से राहत दिलाई है तथा उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जून माह में विशेष लोक कल्याण शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही 6 और 7 जून को विदिशा मेडिकल कॉलेज में कैंसर स्क्रीनिंग एवं परामर्श शिविर लगाए जाने की जानकारी भी दी। गन्ना रस विक्रेता से भी की मुलाकात कार्यक्रम के दौरान शिवराज चौहान ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एक लाभार्थी गन्ना रस विक्रेता से मुलाकात की। उन्होंने गन्ने की मशीन चलाकर रस निकाला और अपने हाथों से विक्रेता को पिलाया। इसके अलावा अन्य स्ट्रीट वेंडरों से भी बातचीत कर उनके अनुभव और समस्याएं जानीं। छोटे कारोबारियों को मिल रहा आसान ऋण जनसंवाद के दौरान शिवराज चौहान ने कहा कि पहले फल विक्रेता, गन्ना रस विक्रेता और अन्य छोटे व्यवसायी ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज लेने को मजबूर होते थे। इससे उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा कर्ज चुकाने में चला जाता था। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से अब उन्हें आसान ऋण उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनका कारोबार और आर्थिक स्थिति दोनों मजबूत हुए हैं। बड़े मंचों से ज्यादा लोगों के बीच जाना पसंद शिवराज चौहान ने कहा कि वे बड़े कार्यक्रमों के बजाय ऐसे आयोजनों में पहुंचकर सीधे गरीब और मेहनतकश लोगों से मिलना पसंद करते हैं। इससे योजनाओं का वास्तविक प्रभाव और जमीनी स्थिति समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें भी लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। जून में लगेगा विशेष लोक कल्याण शिविर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जून माह में विशेष लोक कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें ऐसे पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा, जो अब तक किसी कारणवश लाभ से वंचित हैं। कैंसर स्क्रीनिंग शिविर की भी घोषणा शिवराज चौहान ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इसे देखते हुए 6 और 7 जून को विदिशा मेडिकल कॉलेज में कैंसर स्क्रीनिंग एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में टाटा मेमोरियल अस्पताल के विशेषज्ञ मरीजों की जांच और परामर्श देंगे। शिवराज चौहान ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा दायित्व लोगों के जीवन में खुशियां और मुस्कान लाना है। स्ट्रीट वेंडरों के चेहरों पर दिख रही संतुष्टि इस बात का प्रमाण है कि सरकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *