छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बंधवार में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। घर में बनी चने और उड़द की दाल खाने के बाद एक ही परिवार के 6 सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को अचानक तेज उल्टी और दस्त शुरू हो गए, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल बड़ामलहरा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बावजूद हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर सभी मरीजों को छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार शनिवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने घर पर बनी चने और उड़द की दाल खाई थी। भोजन करने के कुछ समय बाद ही एक-एक कर सभी लोगों को जी मिचलाने, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों और रिश्तेदारों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन बच्चों समेत 6 लोग हुए बीमार.. फूड पॉइजनिंग की इस घटना में परिवार के बड़े-बुजुर्गों के साथ तीन मासूम बच्चे भी प्रभावित हुए हैं। बीमार हुए लोगों में देशपाल सिंह बुंदेला (35), हीरा राजा (35), उमा राजा (40), अनन्या राजा (13), राज राजा (12) और गोलू राजा (10) शामिल हैं। दिनभर चला इलाज, हालत बिगड़ने पर किया रेफर
परिजनों ने बताया कि उल्टी-दस्त शुरू होने के बाद सभी मरीजों को बड़ामलहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने पूरे दिन उनका उपचार किया और आवश्यक दवाइयों के साथ ड्रिप भी चढ़ाई। इसके बावजूद मरीजों के शरीर में पानी की कमी बढ़ती गई और उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। मरीजों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जोखिम न लेते हुए सभी को बेहतर उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों को वार्ड में भर्ती कर सघन चिकित्सा दी जा रही है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। दाल के सैंपल की जांच की संभावना
घटना के बाद आशंका जताई जा रही है कि भोजन में किसी प्रकार की खराबी या दूषित सामग्री होने के कारण फूड पॉइजनिंग हुई है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है। ग्रामीणों ने भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।


