मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी अपनी नई दुल्हन और फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव के साथ रविवार शाम को मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मेले में पहुंचे। यहां वह मेला परिसर स्थित पटेल मंडप में हरियाणवी नाइट के कार्यक्रम में पहुंचे और मशहुर हरयाणवी कलाकार रेणुका पवार के डांस शो का आनंद लिया। इसके साथ ही मेले में भी भ्रमण किया। इस दौरान गौरव चौधरी की नई दुल्हनिया को देखने के लिए मेले में घूमने आए लोगों की भीड़ दिखी। बता दें कि तीन दिन पहले ही गौरव चौधरी ने मोनिका यादव से हिमाचल प्रदेश में जाकर डेस्टिनेशन वेडिंग की है। इस शादी में गौरव चौधरी के बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए थे, जिसमें कोई भी मेरठ से भाजपा का सक्रिय नेता नहीं था। हालांकि कुछ जिला पंचायत अध्यक्ष और बड़े व्यापारी शादी में शामिल हुए थे। इसके बाद आज पहली बार मोनिका यादव के साथ वह शहर में निकले और नौचंदी में पहुंचे। इस बार नौचंदी मेले का आयोजन भी जिला पंचायत द्वारा किया जा रहा है इसी कारण वह दोनों यहां पहुंचे। चौधरी साहब की वजह से मिला मौका – मोनिका यादव
गौरव चौधरी की पत्नी मोनिका यादव ने नौचंदी मेले में पहुंचकर कहा कि आज मुझे मेरठ के इस एतिहासिक नौचंदी मेले में पहुंचने का मौका सिर्फ चौधरी साहब यानी उनके पति गौरव चौधरी की वजह से मिला है। इसके साथ ही जब 2027 के राजनीतिक समीकरणों को लेकर उनसे कुछ सवाल जवाब किए गए तो उन्होंने कहा आज मैं अपने पति के साथ नौचंदी मेले में आई हूं इसलिए आज राजनीतिक बातें ना करें तो बेहतर होगा। मोनिका को दिखानी है परंपरा – गौरव चौधरी
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने कहा कि मेरा आज अपनी धर्मपत्नी मोनिका यादव को इस मेले में लाने का उद्देश्य यह है कि वह भी हमारे इस ऐतिहासिक मेले को देख सके और हमारी अपनी पौराणिक संस्कृति को जान सके। इसके साथ-साथ उन्होंने राजनीतिक चर्चाओं को विराम देते हुए कहा कि अभी हम दोनों जिला पंचायत अध्यक्ष हैं इसलिए अभी हमें जो दायित्व हमें मिला है उसको सचिन निष्ठा से निभाता है। इसके साथ ही उन्होंने 2027 के चुनाव पर बोलते हुए कहा कि हम दोनों ही पार्टी के छोटे कार्यकर्ता हैं जो पार्टी का आदेश होगा, उसके अनुसार पार्टी के आदेशों का पालन करते हुए कार्य करेंगे।


