पन्ना जिले की पवई पुलिस ने एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब जब्त की है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत 18 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने 1,665 लीटर देसी मदिरा बरामद की है, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, 30 मई की रात पवई थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि गुनोर-सलेहा की ओर से एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार में पवई की तरफ आ रही है, जिसमें अवैध शराब होने की आशंका है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर गाड़ी को ग्राम नारायणपुर की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया। तस्कर ने बचने के लिए गाड़ी को खेतों में उतार दिया और नारायणपुर के चिमनी भट्ठा के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। 18 लाख से ज्यादा की जब्ती बनाई पुलिस टीम ने लावारिस मिली पिकअप वाहन की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब भरी मिली। जांच में पता चला कि इसमें 185 पेटी, यानी कुल 1,665 लीटर अवैध देसी मदिरा प्लेन थी। इस शराब की अनुमानित कीमत 8 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। जब्त किए गए पिकअप वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है। इस प्रकार कुल 18 लाख 50 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में पवई थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक कमलेश शर्मा (193), प्रधान आरक्षक विनोद कुमार अहिरवार (495), प्रधान आरक्षक सुरेंद्र प्रजापति (223) और आरक्षक राकेश डुडवे (757) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


